कसवां (रायबाजार) गांव में छठ पूजा की तैयारियों को लेकर बैठक हुई. इस बार भव्य आयोजन, संध्या अर्घ्य पर भक्ति गीत और सुबह संथाली नृत्य का खास प्रबंध है.
मंगलहाट : राजमहल प्रखंड की कसवां पंचायत में उत्तरवाहिनी गंगा नदी के किनारे स्थित कसवां (रायबाजार) गांव में छठ पूजा की तैयारियों को लेकर गुरुवार शाम बैठक आयोजित की गयी. विकास मंडल की अध्यक्षता में हुई बैठक में समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया. बैठक में इस बार छठ महापर्व को पिछले वर्ष से अधिक भव्य और बेहतर तरीके से मनाने का निर्णय लिया गया.
घाटों की सफाई और सजावट पर चर्चा
बैठक में विशेष पूजा-अर्चना, भव्य सजावट, घाटों की सफाई और भजन-कीर्तन सहित विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गयी. साथ ही सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते हुए महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया गया.
संध्या अर्घ्य पर भक्ति गीतों की प्रस्तुति

समिति ने निर्णय लिया कि संध्या अर्घ्य के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस दौरान भक्ति गीतों की प्रस्तुति से माहौल भक्तिमय बनाने की तैयारी है.
ऊषा अर्घ्य पर दिखेगी संथाली संस्कृति की झलक
सुबह ऊषा अर्घ्य के अवसर पर क्षेत्र की पारंपरिक आदिवासी संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संथाली नृत्य का आयोजन किया जाएगा. प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को समिति की ओर से पुरस्कार और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा.
शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग की अपील
बैठक के अंत में समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और भव्य तरीके से संपन्न कराने में सहयोग देने का संकल्प लिया. मौके पर अजय मंडल, बबलू यादव, मनोज मंडल, बबलू मंडल, तूफान महलदार, आनंदी मंडल, कृष्णा मंडल सहित समिति के अन्य सक्रिय सदस्य और ग्रामीण उपस्थित थे.



