जेटेट-2026 परीक्षा के लिए साहिबगंज में 22 केंद्रों पर 11,385 अभ्यर्थी शामिल होंगे. कदाचार रोकने के लिए प्रशासन ने कसी कमर, 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय.
साहिबगंज : झारखंड अधिविध परिषद, रांची की ओर से 1 नवंबर 2026 को जिले में आयोजित होने वाली झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 को स्वच्छ, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गयी. डीसी-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में हुई बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह भी उपस्थित रहे. डीसी ने उड़नदस्ता दल दंडाधिकारी, गश्ती दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को परीक्षा के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
22 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा
जिले के कुल 22 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी. प्रथम पाली में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) के 8,512 अभ्यर्थी, जबकि द्वितीय पाली में प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) के 2,873 अभ्यर्थी शामिल होंगे. इस तरह जिले में कुल 11,385 अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है.
59 दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति

परीक्षा के सुचारू संचालन, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और कदाचार पर नियंत्रण के लिए जिले में 44 स्टैटिक दंडाधिकारी, 12 गश्ती दंडाधिकारी और तीन उड़नदस्ता दल दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किये गये हैं. इनके साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस बल की भी तैनाती की गयी है. अपर समाहर्ता विजय कुमार को वरीय नोडल पदाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी नयन कुमार को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है.
24 घंटे सक्रिय रहेगा जिला नियंत्रण कक्ष
डीसी ने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी भी समस्या, सूचना या विधि-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति से तत्काल निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है. यह 24 घंटे कार्यरत रहेगा.
- दूरभाष नंबर: 06436-356485
- मोबाइल नंबर: 9631155933, 9006963963
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर रोक
डीसी ने सभी केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, एयरफोन, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, कैलकुलेटर, पेजर, डिजिटल डायरी और अन्य संचार उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी. पुस्तक, नोटबुक, लॉगबुक, बैग, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्रियों पर भी रोक रहेगी. केंद्राधीक्षकों को आवश्यक जांच और निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
कदाचार पर होगी सख्त कार्रवाई
डीसी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम, 2023 के प्रावधानों का सख्ती से पालन किया जाएगा. परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. परीक्षा की तिथि पर केंद्रों के बाहर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत लागू निषेधाज्ञा का भी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा.
समय पर पूरी करें सभी तैयारियां
डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त परीक्षा के संचालन में सहयोग करने की अपील की.
बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक, आईटीडीए संजय कुमार दास, अपर समाहर्ता विजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज अमर जॉन आईन्द, अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो सहित जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और केंद्राधीक्षक उपस्थित थे.



