म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता, दीप प्रज्वलन और उपहार वितरण के साथ बुजुर्गों के बीच बिताए यादगार पल
साहिबगंज। दीपावली के पावन अवसर पर मारवाड़ी महिला समिति की ओर से वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ दीपावली उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों के जीवन में खुशियां, प्रेम और अपनापन बांटना तथा उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता से हुई, जिसमें वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर दीप प्रज्वलित किए और दीपावली का उत्सव मनाया। आतिशबाजी के माध्यम से भी खुशियां साझा की गईं। समिति की ओर से सभी बुजुर्गों को दीपावली के उपहार भेंट किए गए। अंत में सभी ने साथ बैठकर भोजन किया।
बुजुर्गों के चेहरे की मुस्कान ही सबसे बड़ी खुशी :
समिति की अध्यक्ष रुचि भरतिया ने कहा कि बुजुर्गों के साथ समय बिताकर सदस्यों को उनका आशीर्वाद प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य उन्हें यह एहसास कराना था कि वे समाज और परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं। उनके चेहरे पर मुस्कान लाना ही समिति के लिए सबसे बड़ी खुशी है।
इस अवसर पर रुचि भरतिया, श्यामलता केजरीवाल, नीलम शर्मा, प्रतिमा चिरानिया, रेणु तमाखूवाला, किरण दिवान, ऊषा शर्मा, चंदा शर्मा, लीला पौदार, कला केजरीवाल, सपना दिवान, सरोज सहित समिति की अन्य सदस्य उपस्थित थीं।



