अखिल भारतीय कुर्मी महासभा ने निकाला पैदल मार्च, विद्यार्थियों के बीच नृत्य, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
साहिबगंज। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को साहिबगंज में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। अखिल भारतीय कुर्मी महासभा की ओर से आयोजित कार्यक्रम के तहत सबसे पहले गांधी चौक से पटेल चौक तक पैदल मार्च निकाला गया। इसके बाद पटेल चौक स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान प्रतिमा और पूरे चौक को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। महासभा के सदस्यों ने बारी-बारी से पुष्प अर्पित कर देश की एकता और अखंडता के लिए उनके योगदान को याद किया।
देश की एकता और अखंडता में सरदार पटेल का ऐतिहासिक योगदान :
इस अवसर पर अखिल भारतीय कुर्मी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रेमलाल मंडल उर्फ मंटा मंडल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। आजादी के बाद देशी रियासतों के एकीकरण में उनके योगदान के कारण उन्हें लौहपुरुष के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमें एकजुटता, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। उनके विचारों और बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा :
जयंती समारोह के अवसर पर जिला परिषद स्थित उत्सव बैंक्वेट हॉल में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें नृत्य, वाद-विवाद और भाषण सहित कई प्रतियोगिताएं शामिल थीं। जिले के विभिन्न स्कूलों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में जयप्रकाश सिन्हा, संजय पटेल, बबलू सिन्हा। सहित अखिल भारतीय कुर्मी महासभा के पदाधिकारी, सदस्य और सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे।



