नगर परिषद अध्यक्ष व कार्यपालक पदाधिकारी ने लिया तैयारियों का जायजा, श्मशान घाट की सफाई दो दिनों में पूरी करने का निर्देश
साहिबगंज | दुर्गापूजा के समापन के बाद धनतेरस, दीपावली और छठ महापर्व की तैयारियां शहर में जोर-शोर से चल रही हैं। छठ पूजा के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए नगर परिषद प्रशासन ने गंगा घाटों की व्यवस्था दुरुस्त करने की पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान, कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह और सफाईकर्मियों की टीम ने गुरुवार को शहर के विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान घाटों की सफाई, बैरिकेडिंग, पहुंच मार्ग और दलदली मिट्टी जैसी समस्याओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संबंधित सफाईकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
व्रतियों की सुविधा पर विशेष जोर :
नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान ने कहा कि छठ घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से घाटों का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने फेरी घाट, मुक्तेश्वर धाम गंगा घाट, बिरसा मुंडा गंगा घाट और ओझा टोली गंगा घाट सहित अन्य घाटों की व्यवस्था का जायजा लिया। सफाईकर्मियों के प्रभारी शिव हरी को निर्देश दिया गया कि सभी घाटों की सफाई सुनिश्चित करें तथा दलदली मिट्टी और अन्य समस्याओं का समय रहते समाधान करें।
काली प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर भी तैयारी :
निरीक्षण के दौरान यह भी ध्यान दिया गया कि काली पूजा के बाद कई प्रतिमाओं का विसर्जन इन्हीं गंगा घाटों पर किया जाएगा। इसे देखते हुए घाटों पर आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया, ताकि छठ पूजा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान लोगों को परेशानी न हो।
श्मशान घाट की सफाई दो दिनों में होगी पूरी :
कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि श्मशान घाटों पर गंदगी की समस्या को लेकर सफाईकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि दो दिनों के भीतर पूरे परिसर की सफाई कर दी जाएगी। नगर परिषद प्रशासन लगातार घाटों की व्यवस्था की निगरानी कर रहा है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी घाटों की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाएगा।



