बोकारो। कथारा क्षेत्र स्थित सीसीएल की गोविंदपुर परियोजना में शुक्रवार को धनबाद सीबीआई की एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीएमपीएफ डीलिंग क्लर्क मेघलाल महतो और पेंशन डीलिंग क्लर्क मोहम्मद इम्तियाज के रूप में हुई है।
सेवानिवृत्त कर्मी से भुगतान के बदले रिश्वत मांगने का आरोप
कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक ए.के.बी. सिंह ने दोनों कर्मचारियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि गोविंदपुर परियोजना से सेवानिवृत्त कर्मी रसूल जमा की शिकायत के आधार पर सीबीआई ने यह कार्रवाई की है। हालांकि, मामले में जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सीबीआई की ओर से उपलब्ध नहीं कराई गई है।
जनता नगर निवासी रसूल जमा गोविंदपुर परियोजना के सर्वे विभाग में कार्यरत थे और करीब सात माह पहले सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद उनका सीएमपीएफ और पेंशन भुगतान लंबित था। आरोप है कि भुगतान संबंधी प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए दोनों क्लर्कों ने उनसे कथित तौर पर रुपये की मांग की थी।
शिकायत के बाद सीबीआई ने रची कार्रवाई की योजना
रिश्वत की मांग से परेशान होकर रसूल जमा ने धनबाद सीबीआई कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद जांच एजेंसी ने पहले आरोपों का सत्यापन किया। इसके बाद दोनों कर्मचारियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाने की योजना तैयार की गई।
शुक्रवार को इंस्पेक्टर रघुनाथ कुमार के नेतृत्व में सीबीआई की टीम करीब साढ़े 11 बजे गोविंदपुर परियोजना कार्यालय पहुंची। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता रुपये लेकर कार्यालय पहुंचा। जैसे ही 18 हजार रुपये दोनों क्लर्कों को दिए गए, वहां पहले से मौजूद सीबीआई अधिकारियों ने दोनों को पकड़ लिया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से परियोजना कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सीबीआई टीम दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर धनबाद ले गई, जहां उनसे पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।



