बरहरवा उप डाकघर में पांच दिनों से ठप बैंकिंग सेवाएं पुनः बहाल हो गईं. जमा-निकासी, केवाईसी, एफडी सहित अन्य कार्य शुरू होने से ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है.
बरहरवा. बरहरवा उप डाकघर में पांच दिनों से ठप पड़ी महत्वपूर्ण बैंकिंग सेवाएं गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे फिर से बहाल हो गयीं. इसके साथ ही जमा-निकासी, केवाईसी, एफडी सहित अन्य बैंकिंग कार्य शुरू हो गये. सेवाएं बहाल होते ही ग्राहकों ने राहत की सांस ली और उप डाकघर पहुंचकर अपने जरूरी काम निपटाये. इस दौरान काउंटर पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही.
कर्मी के स्थानांतरण के बाद बंद हो गयी थीं बैंकिंग सेवाएं
गौरतलब है कि बरहरवा उप डाकघर में काउंटर पीए सेविंग बैंक ब्रांच के पद पर कार्यरत राकेश कुमार गुप्ता का स्थानांतरण गोड्डा कर दिया गया था. उनके स्थानांतरण के बाद 31 अक्तूबर से उप डाकघर की प्रमुख बैंकिंग सेवाएं बंद हो गयी थीं. इससे प्रतिदिन दर्जनों ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. लोग जमा-निकासी, केवाईसी और एफडी जैसे जरूरी कामों के लिए उप डाकघर पहुंच रहे थे, लेकिन सेवाएं बंद रहने के कारण उन्हें बिना काम कराये ही वापस लौटना पड़ रहा था.
प्रभात खबर में समाचार प्रकाशित होने के बाद डाक विभाग ने की पहल
ग्राहकों की इस परेशानी को प्रभात खबर ने चार नवंबर के अंक में ‘काउंटर पीए का गोड्डा कर दिया गया ट्रांसफर, बरहरवा उप डाकघर में चार दिनों से बैंकिंग सेवाएं ठप’ शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था. खबर प्रकाशित होने के बाद डाक विभाग के दुमका डिविजन के अधिकारियों ने मामले में पहल की.
नया आईडी तैयार कर करायी गयी मैपिंग, शुरू हुई सेवाएं
डाक विभाग के अधिकारियों ने बरहरवा उप डाकघर में कार्यरत कर्मी जगदीश चंद्र साहा के नाम से नया आईडी तैयार कराया और उसकी मैपिंग करायी. इसके बाद गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे से बैंकिंग सेवाएं दोबारा शुरू हो गयीं. सेवाएं बहाल होने से जमा-निकासी, केवाईसी और एफडी समेत अन्य जरूरी काम कराने पहुंचे ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है.



