फरक्का में पुलिस ने 6326 याबा टैबलेट के साथ तस्कर बादल शेख को गिरफ्तार किया. यह नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई है. जानें पूरी घटना.
फरक्का. पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. समशेरगंज थाना पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित याबा टैबलेट के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूती थाना क्षेत्र के कासिमनगर निवासी बादल शेख के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से कुल 6,326 पीस याबा टैबलेट बरामद किए हैं.
गुप्त सूचना पर एनएच-12 पर चलाया गया चेकिंग अभियान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम समशेरगंज थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी होने वाली है. सूचना के आधार पर पुलिस ने नया जलादिपुर मोड़ के पास एनएच-12 पर नाका चेकिंग अभियान शुरू किया. इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को देखकर पुलिस ने उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान उसके पास से 6,326 पीस याबा टैबलेट बरामद हुए. इसके बाद पुलिस ने बादल शेख को गिरफ्तार कर लिया.
प्रेसवार्ता कर पुलिस अधिकारियों ने दी जानकारी
इस कार्रवाई के संबंध में जंगीपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सजल कांति विश्वास, फरक्का एसडीपीओ दीपेंद्र तमांग तथा समशेरगंज थाना के आईसी कुणाल कांति दास ने प्रेसवार्ता कर जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि याबा एक प्रकार का प्रतिबंधित नशीला पदार्थ है, जिसका अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा है. इसकी पहचान आम लोगों के लिए आसानी से करना संभव नहीं होता.
तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है. जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बादल शेख याबा टैबलेट कहां से लेकर आया था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं. गुरुवार को आरोपी को जंगीपुर अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी.



