साहिबगंज में अर्नब चक्रवात के खतरे के बीच मौसम का मिजाज अचानक बदला. तेज धूप के बाद घने काले बादल छाए, जिससे लोगों में चर्चा शुरू हो गई है. जानिए क्या है पूरी स्थिति.
बरहरवा: अर्नब चक्रवात के संभावित प्रभाव के बीच बुधवार को साहिबगंज जिले के पतना, बरहरवा, कोटालपोखर और बरहेट इलाके में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। सुबह से तेज धूप और उमस के बाद दोपहर में आसमान में घने काले बादल छा गये। देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में बादलों की चादर फैल गयी और मौसम सुहावना हो गया।
तेज धूप के बाद आसमान में छाये घने बादल
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोपहर तक तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास हो रहा था। इसके बाद अचानक मौसम बदल गया और विभिन्न इलाकों में काले बादल दिखाई देने लगे। हालांकि, खबर लिखे जाने तक बारिश शुरू नहीं हुई थी और न ही तेज हवा चली थी।
चक्रवात के संभावित प्रभाव को लेकर चर्चा
मौसम में अचानक आये बदलाव के बाद लोगों के बीच अर्नब चक्रवात के संभावित प्रभाव को लेकर चर्चा शुरू हो गयी। किसान और ग्रामीण भी मौसम की स्थिति पर नजर बनाये हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश और तेज हवा शुरू होने पर जनजीवन और आवागमन प्रभावित हो सकता है।
फिलहाल नुकसान की सूचना नहीं
स्थानीय स्तर पर अभी तक किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन और ग्रामीण मौसम की स्थिति पर नजर बनाये हुए हैं।



