साहिबगंज। संवाददाता। शहरी थाना क्षेत्र में लगातार हो रही साइकिल चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। झरना कॉलोनी के आसपास चोरी की नीयत से घूम रहे एक संदिग्ध युवक को स्थानीय लोगों ने पहचानकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में उसकी पहचान बिहार के भागलपुर जिले के कोड़ा समरपुर निवासी छोटू कुमार मंडल के रूप में हुई।
निशानदेही पर अलग-अलग जगहों से बरामद हुईं साइकिलें:
शहरी थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपित ने शहरी क्षेत्र में कई साइकिलें चोरी करने की बात स्वीकार की है। उसके अनुसार चोरी की साइकिलों को साहिबगंज और आसपास के इलाकों में बेच दिया जाता था। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर नौ चोरी की साइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार छोटू मंडल दोबारा चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में झरना कॉलोनी के आसपास घूम रहा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उसे पहचान लिया और पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस अब बरामद साइकिलों के वास्तविक मालिकों की पहचान करने के साथ चोरी की अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।



