रेलवे ने दीपावली और छठ पूजा के लिए उधना से बिहार के विभिन्न स्टेशनों तक चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। इनमें उधना-हसनपुर स्पेशल ट्रेन समस्तीपुर और रोसड़ा होकर चलेगी।
समस्तीपुर। दीपावली और छठ पूजा के दौरान बिहार आने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने उधना से बिहार के विभिन्न स्टेशनों के लिए चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है।
इन ट्रेनों के परिचालन से गुजरात समेत पश्चिमी भारत के विभिन्न शहरों में रहने वाले बिहार के लोगों को त्योहार के दौरान घर लौटने में सुविधा होगी। इनमें उधना-हसनपुर स्पेशल ट्रेन समस्तीपुर और रोसड़ा होकर चलेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 09047/09048 उधना-झंझारपुर-उधना स्पेशल ट्रेन का परिचालन चार अक्टूबर से 30 नवंबर तक किया जाएगा।
09047 उधना-झंझारपुर स्पेशल ट्रेन रविवार को तथा 09048 झंझारपुर-उधना स्पेशल ट्रेन सोमवार को चलेगी। यह ट्रेन 20 एलएचबी कोच की होगी, जिसमें आठ स्लीपर, 10 सामान्य श्रेणी और दो एसएलआर कोच शामिल होंगे।
निर्धारित तिथियों पर यह अनारक्षित स्पेशल ट्रेन के रूप में भी चलेगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 09045/09046 उधना-मधुबनी-उधना स्पेशल ट्रेन का परिचालन भी चार अक्टूबर से 30 नवंबर तक होगा।
09045 उधना-मधुबनी ट्रेन रविवार और 09046 मधुबनी-उधना ट्रेन सोमवार को चलेगी। इसमें भी 20 एलएचबी कोच होंगे। दोनों ट्रेनों का परिचालन अक्टूबर और नवंबर में निर्धारित अतिरिक्त तिथियों पर किया जाएगा।
वही ट्रेन संख्या 09151/09152 उधना-मधुबनी-उधना स्पेशल ट्रेन का परिचालन अक्टूबर और नवंबर में निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा।
09151 उधना-मधुबनी ट्रेन बुधवार और शुक्रवार को तथा 09152 मधुबनी-उधना ट्रेन शुक्रवार और रविवार को चलेगी। निर्धारित अतिरिक्त तिथियों पर यह ट्रेन अनारक्षित स्पेशल के रूप में संचालित होगी।
समस्तीपुर होकर हसनपुर तक पहुंचेगी स्पेशल ट्रेन
त्योहारों के दौरान समस्तीपुर और आसपास के यात्रियों के लिए ट्रेन संख्या 09041/09042 उधना-हसनपुर-नंदुरबार स्पेशल ट्रेन महत्वपूर्ण होगी।
09041 उधना-हसनपुर स्पेशल ट्रेन अक्टूबर में तीन, 10, 17, 24 और 31 अक्टूबर तथा नवंबर में सात, 14, 21 और 28 नवंबर को चलेगी।
वापसी में 09042 हसनपुर-नंदुरबार स्पेशल ट्रेन पांच, 12, 19 और 26 अक्टूबर तथा दो, नौ, 16, 23 और 30 नवंबर को चलेगी। इस ट्रेन में 10 स्लीपर, 10 सामान्य श्रेणी और दो एसएलआर/डी समेत कुल 22 कोच होंगे। उधना से यह ट्रेन रात 23:30 बजे खुलेगी और अगले दिन 12:00 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी।
समस्तीपुर से 12:05 बजे प्रस्थान कर 12:30 बजे रोसड़ा और 14:15 बजे हसनपुर पहुंचेगी। वापसी में हसनपुर से 15:45 बजे खुलकर ट्रेन 16:50 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी।
उधना-हसनपुर ट्रेन के प्रमुख ठहरावों में नंदुरबार, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, रोसड़ा और हसनपुर शामिल हैं। इससे त्योहार के दौरान गुजरात से बिहार लौटने वाले यात्रियों को लंबी दूरी की अतिरिक्त रेल सेवा उपलब्ध होगी।



