उत्पाद विभाग ने जमुई के गिद्धौर में एक प्राइवेट एंबुलेंस से 460 केन बीयर जब्त की है, जो अवैध रूप से झारखंड से लखीसराय ले जाई जा रही थी।
जमुई। अवैध शराब की तस्करी के लिए शराब तस्कर अलग-अलग हथकंडे अपना रहे हैं। कभी मिलिट्री लिखी गाड़ी तो कभी पुलिस-प्रशासन और प्रेस लिखी गाड़ी से शराब की तस्करी की जा रही है और अब एंबुलेंस के सहारे अवैध शराब की तस्करी करने का उत्पाद विभाग की टीम ने पर्दाफाश किया है।
गिद्धौर प्रखंड के बानाडीह के समीप से रविवार की सुबह उत्पाद विभाग की टीम ने एक प्राइवेट एंबुलेंस को जब्त किया है। एंबुलेंस में बने बेड के नीचे बाक्स से 460 केन बीयर, यानी 230 लीटर बीयर बरामद किया गया है और दो तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान लखीसराय जिले के पिटी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत चौरा राजपुर गांव निवासी पप्पू सिंह के पुत्र सौरभ कुमार और रामायणपुर गांव निवासी बलराम शर्मा के पुत्र सत्यम कुमार के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर उत्पाद विभाग के प्रभारी थानाध्यक्ष गौरी शंकर कुमार के नेतृत्व में एसआई अश्विनी कुमार द्वारा की गई है। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से अन्य शराब तस्करों के बीच दहशत फैली हुई है।
यह कार्रवाई उत्पाद विभाग के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। उक्त जानकारी उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान दी है।
झारखंड से लाई जा रही थी शराब
उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि झारखंड से जमुई के रास्ते अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के बाद उत्पाद प्रभारी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एसआई अश्विनी कुमार द्वारा गिद्धौर इलाके में गहन वाहन जांच की गई।

दौरान एक प्राइवेट एंबुलेंस सायरन बजाते हुए उत्पाद विभाग की टीम को देख भागने लगा, जिसे खदेड़कर कर पकड़ा गया और एंबुलेंस में लगे बेड के नीचे बॉक्स से 460 कैन बीयर, यानी 230 लीटर बीयर बरामद किया गया।
साथ ही दो तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के क्रम में शराब झारखंड के सत्संग मोड़ जसीडीह से लखीसराय के पिपरिया ले जाई जा रही थी।
फिलहाल, दोनों शराब तस्कर से पूछताछ की जा रही है और एंबुलेंस की भी गहन जांच-पड़ताल की जा रही है। एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



