मिर्गी के दौरे की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
राजमहल। राजमहल उपकारा में बंद एक विचाराधीन कैदी की सोमवार को संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतक की पहचान राधानगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर पंचायत अंतर्गत शाल्टीपोखर गांव निवासी सुनील बास्की (35) के रूप में हुई है। वह अपने चाचा की हत्या के आरोप में 14 जुलाई 2025 से न्यायिक हिरासत में था।
जानकारी के अनुसार, सुनील बास्की पर अपने चाचा सुलेमान बास्की (60) की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप था। इस मामले में राधानगर थाना में कांड संख्या 265/25 दर्ज है।
जेल प्रशासन के अनुसार, सुनील बास्की पहले से मिर्गी रोग से पीड़ित था और उसका जेल में ही इलाज चल रहा था। सोमवार दोपहर भोजन करने के बाद वह बैरक में सोने चला गया। काफी देर तक नहीं जागने पर अन्य बंदियों ने इसकी सूचना जेलकर्मियों को दी। जांच करने पर वह बेहोशी की हालत में मिला। आशंका जताई जा रही है कि सोने के दौरान उसे मिर्गी का दौरा पड़ा होगा।
इसके बाद जेलकर्मियों ने आनन-फानन में उसे राजमहल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सादिक अंसारी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की।
उपकाराधीक्षक विमल सोरेन ने बताया कि मृतक का जेल में ही इलाज चल रहा था। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल साहिबगंज भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।



