लखीसराय जिले में बाढ़ प्रभावित 36,566 परिवारों को सरकार की ओर से 7-7 हजार रुपये की अनुग्रह राहत राशि दी जाएगी।
लखीसराय। जिले में गंगा, किऊल और हरुहर नदी के बढ़े जलस्तर से प्रभावित परिवारों को अब सरकार की ओर से अनुग्रह राहत राशि दी जाएगी।
बड़हिया, पिपरिया, लखीसराय और सूर्यगढ़ा प्रखंड के चिह्नित 36,566 बाढ़ पीड़ित परिवारों का अब तक सत्यापन किया जा चुका है।
सत्यापन के बाद पात्र परिवारों के बैंक खातों में सात-सात हजार रुपये की राशि भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 15 सितंबर को बाढ़ पीड़ित परिवारों के खातों में राशि का अंतरण करेंगे। प्रशासन इसकी तैयारी में जुटा है। सत्यापन के बाद प्रभावित परिवारों की संख्या में और वृद्धि हो सकती है।
जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार के निर्देश पर चारों प्रभावित प्रखंडों में अंचलाधिकारी और राजस्व पदाधिकारियों की देखरेख में संपूर्ति पोर्टल पर दर्ज बाढ़ पीड़ित परिवारों की सूची का सत्यापन कर उसे अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अंचलाधिकारियों को 15 सितंबर से पहले प्रभावित परिवारों के बैंक खाते और आधार का सत्यापन पूरा करने का निर्देश दिया है।
बड़हिया में सबसे अधिक 21,236 परिवार
प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार बड़हिया में 21,236, पिपरिया में 7,719, लखीसराय में 7,535 और सूर्यगढ़ा में 76 बाढ़ पीड़ित परिवारों का सत्यापन किया गया है।
बड़हिया के नोडल पदाधिकारी नीरज कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार संपूर्ति पोर्टल पर दर्ज सूची का सत्यापन पूरा कर लिया गया है। सूर्यगढ़ा और पिपरिया अंचल कार्यालय में भी सत्यापन का कार्य अंतिम चरण में है।
लखीसराय के अंचलाधिकारी मणिभूषण कुमार ने बताया कि बाढ़ पीड़ित परिवारों की संपूर्ति पोर्टल पर अपलोड सूची का सत्यापन कर लिया गया है।
प्रखंड में अमहरा पंचायत के 3,258, बालगुदर के 960, गढ़ी विशनपुर के 1,035, मोरमा के 282 और साबिकपुर के 1,975 प्रभावित परिवारों के खातों में राशि भेजी जाएगी। प्रशासन द्वारा खातों और आधार का सत्यापन पूरा कराया जा रहा है, ताकि निर्धारित तिथि पर राहत राशि का अंतरण किया जा सके।



