मुफस्सिल, गंगा नदी, राजमहल और राधानगर थाना क्षेत्र में पुलिस परिवार की पहल, एसडीपीओ ने किया लंगर का शुभारंभ
साहिबगंज। जिले में गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच चारों ओर पानी ही पानी नजर आ रहा है। दियारा क्षेत्र के साथ अब शहर के कई हिस्से भी बाढ़ की चपेट में हैं। ऐसे मुश्किल समय में बाढ़ प्रभावित लोगों की परेशानी को देखते हुए साहिबगंज पुलिस परिवार ने मानवीय पहल करते हुए उनके लिए लंगर की व्यवस्था शुरू की है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देश पर शनिवार देर शाम जिले के मुफस्सिल थाना, गंगा नदी थाना, राजमहल थाना और राधानगर थाना क्षेत्र में लंगर शुरू किया गया।
बाढ़ प्रभावितों को मिलेगा भरपेट गर्म भोजन:

पुलिस की ओर से बाढ़ प्रभावित लोगों से अपने-अपने थाना क्षेत्र में पहुंचकर लंगर का लाभ उठाने की अपील की गई है, ताकि इस कठिन परिस्थिति में कोई भी व्यक्ति भोजन से वंचित न रहे। पुलिस परिवार की ओर से लोगों को गर्म और भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उन्हें सुरक्षित रहने में सहयोग देना है।
मुफस्सिल थाना और गंगा नदी थाना में आयोजित लंगर का शुभारंभ सदर एसडीपीओ सुशील कुमार सिंह एवं इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता की मौजूदगी में किया गया। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने व्यवस्था का जायजा लिया और बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत भी की।
लंगर में भोजन मिलने पर बाढ़ पीड़ितों के चेहरे पर राहत और खुशी नजर आई। लोगों ने भरपेट भोजन किया और इस मानवीय पहल के लिए पुलिस प्रशासन का आभार जताया। पुलिस की इस पहल को बाढ़ की विपरीत परिस्थितियों में सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।




