जिला प्रशासन ने अशोक धाम मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए रेलवे को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं. इसमें CCTV कैमरे लगाना, प्रवेश-निकास व्यवस्था सुदृढ़ करना और एक समय में केवल एक ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित करना शामिल है.
Ashok Dham: लखीसराय में अशोक धाम मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने रेलवे को कई अहम सुझाव दिए हैं. जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल रेल प्रबंधक को पत्र लिखकर अशोक धाम हाल्ट पर एक समय में केवल एक ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित करने, चेन पुलिंग रोकने, सीसीटीवी लगाने और प्रवेश-निकास व्यवस्था दुरुस्त करने का अनुरोध किया है. डीएम ने आरपीएफ, जीआरपी, स्थानीय पुलिस और केंद्रीय बलों के बीच बेहतर समन्वय की भी जरूरत बताई है.
एक समय में एक ही ट्रेन के ठहराव का अनुरोध
जिलाधिकारी ने पत्र में कहा है कि अशोक धाम हाल्ट पर एक समय में केवल एक ट्रेन का ठहराव होना चाहिए. अप और डाउन दोनों दिशाओं से एक साथ ट्रेनों के ठहराव से भीड़ बढ़ने की स्थिति बन सकती है. ऐसे में एक समय में एक ही ट्रेन के ठहराव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है.
वैक्यूम और चेन पुलिंग रोकने पर जोर
डीएम ने कहा है कि ट्रेनों में वैक्यूम या चेन पुलिंग की घटनाओं को रोकने के लिए रेल प्रशासन को विशेष रूप से सजग रहने की आवश्यकता है. भीड़ के दौरान इस तरह की घटनाओं से यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन प्रभावित हो सकता है.
बैरिकेडिंग के लिए एनओसी देने की तैयारी
अशोक धाम स्टेशन के समीप भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था जरूरी बताई गई है. जिलाधिकारी ने कहा है कि जिला प्रशासन की ओर से बैरिकेडिंग के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित किया जा सके.
सीसीटीवी और प्रवेश-निकास व्यवस्था होगी अहम
डीएम ने अशोक धाम हाल्ट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने को अत्यंत आवश्यक बताया है. साथ ही स्टेशन पर प्रवेश और निकास की व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने का अनुरोध किया गया है, ताकि यात्रियों के आने-जाने के दौरान अनावश्यक भीड़ न हो और निगरानी बेहतर तरीके से की जा सके.
आरपीएफ-जीआरपी और स्थानीय पुलिस में समन्वय जरूरी
जिलाधिकारी ने कहा है कि अशोक धाम हाल्ट पर आरपीएफ, जीआरपी, स्थानीय पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करें. उन्होंने सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सुरक्षा बलों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने की आवश्यकता बताई है.
बंद नलों को अविलंब चालू कराने का अनुरोध
पत्र में अशोक धाम हाल्ट पर बंद पड़े पानी के नलों को भी अविलंब चालू कराने का अनुरोध किया गया है. श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त रखना जरूरी बताया गया है.
मंदिर तक सुरक्षित पहुंच पर प्रशासन का जोर
Ashok Dham: जिलाधिकारी ने भीड़ नियंत्रण के साथ यात्रियों और श्रद्धालुओं की अशोक धाम मंदिर तक सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन से अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं करने का अनुरोध किया है. जिला प्रशासन और रेलवे के बीच बेहतर समन्वय से श्रद्धालुओं की आवाजाही को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की कोशिश की जा रही है.



