गर्भवती महिला को इलाज के लिए ले जा रहे थे परिजन, जामनगर के पास हुआ भीषण सड़क हादसा
उधवा/साहिबगंज: उधवा-राजमहल मुख्य मार्ग पर जामनगर के समीप मंगलवार की देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में टोटो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को उपचार के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, टोटो में सवार सभी लोग एक पांच माह की गर्भवती महिला को इलाज के लिए राजमहल ले जा रहे थे। इसी दौरान जामनगर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग सड़क पर दूर-दूर जा गिरे।इस दर्दनाक हादसे में राधानगर थाना क्षेत्र के बालूटोला (चुवार) निवासी 46 वर्षीय एईसुद्दीन शेख तथा 52 वर्षीय नुवाहार बीवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं राजमहल थाना क्षेत्र के गुमास्ता टोला निवासी 26 वर्षीय यास्मीन खातून, अमानत निवासी 45 वर्षीय रहीम शेख, जामनगर निवासी 54 वर्षीय तफनारा बीवी तथा टोटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों को राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक डॉ. उदय टुडू ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हसनैन अंसारी एवं पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा और टोटो को अपने कब्जे में लेकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। अपनों को खोने का गम और घायलों की गंभीर स्थिति से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय करने की मांग प्रशासन से की है।




