उधवा। प्रखंड क्षेत्र के सुतियारपाड़ा पंचायत में रविवार की रात करीब 8 बजे गैस सिलेंडर में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से एक घर पूरी तरह जलकर राख हो गया, जबकि घर में रखे अनाज, कपड़े, बिस्तर, घरेलू सामान एवं नगदी भी जलकर नष्ट हो गई। घटना में परिवार को हजारों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।प्राप्त जानकारी के अनुसार सुतियारपाड़ा निवासी काली चरण दास की पुत्री रसोईघर में गैस सिलेंडर पर खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक सिलेंडर से धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में सिलेंडर में आग पकड़ ली और आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। देखते ही देखते सिलेंडर ब्लास्ट हो गया, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।अगलगी की घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने खाने-पीने और रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है। परिवार ने अंचल प्रशासन से आर्थिक सहायता एवं राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने की अपील की है।




