उधवा। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चांदशहर पंचायत में बुधवार को चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो अभियान के तहत महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जागरूक किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जल सहिया लता रविदास ने किया। इस अवसर पर महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित सैनिटरी पैड के उपयोग, साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई।साथ ही मासिक धर्म से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों और संकोच को दूर करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने हाथों पर लाल रंग लगाकर एवं सामूहिक रूप से सहभागिता निभाते हुए जागरूकता का संदेश फैलाया।जल सहिया लता रविदास ने कहा कि आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में कई महिलाएं और किशोरियां मासिक धर्म से जुड़े विषयों पर खुलकर बात करने से हिचकिचाती हैं। ऐसे में इस तरह के जागरूकता अभियान महिलाओं को अपनी समस्याओं को साझा करने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इसे लेकर किसी प्रकार की शर्म या संकोच नहीं होना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। इस मौके पर सुखो बेवा, महिलाएं एवं किशोरियां उपस्थित थे।




