राजमहल में 1001 कन्याओं की कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव की शुरुआत हुई। आठ दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को कथा श्रवण के साथ भव्य मेले का भी आकर्षण देखने को मिलेगा।
राजमहल: कार्तिक पूजा के पावन अवसर पर राजमहल प्रखंड के पश्चिमी जामनगर स्थित इल्लू मंडल टोला में मंगलवार को आठ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव एवं भव्य मेले का शुभारंभ हुआ. महोत्सव की शुरुआत 1001 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा के साथ हुई. पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर निकली कन्याओं की टोली से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा.
गाजे-बाजे के साथ निकली कलश यात्रा, भक्ति में लीन रहे श्रद्धालु
गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के बीच निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रीतम कुमार साह ने बताया कि 1001 कन्याओं की सहभागिता से कलश यात्रा निकाली गयी. यात्रा गांव के विभिन्न प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए कथा स्थल पहुंची. इस दौरान श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए भक्ति भाव में लीन रहे. कलश यात्रा के साथ ही श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव एवं मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ. आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया.
धनंजय वैष्णव जी महाराज सुनाएंगे श्रीकृष्ण की लीलाएं
महोत्सव में श्रीमद्भागवत कथा वाचन के लिए अयोध्या (उत्तर प्रदेश) स्थित शांति कुटिया, प्रयागराज से सुप्रसिद्ध कथावाचक धनंजय वैष्णव जी महाराज पहुंचे हैं. उनके मुखारविंद से 17 से 23 नवंबर तक प्रतिदिन श्रद्धालु श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करेंगे. इस दौरान पूजा-पाठ, आरती, भजन-कीर्तन एवं आध्यात्मिक प्रवचन का आयोजन होगा. कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, प्रेम और धर्म के संदेश सुनाये जायेंगे. आठ दिवसीय महोत्सव का समापन 24 नवंबर को हवन एवं प्रसाद वितरण के साथ होगा. इस दिन सुबह सात बजे हवन किया जायेगा. धार्मिक अनुष्ठान पूर्ण होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जायेगा.
मेले में झूले व खान-पान के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
कथा महोत्सव के साथ 17 से 24 नवंबर तक भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है. मेले में विभिन्न प्रकार के झूले, खिलौनों की दुकानें, खान-पान के स्टॉल सहित कई दुकानें आकर्षण का केंद्र रहेंगी. बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष व्यवस्था की गयी है. वहीं, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, स्वच्छता, प्रसाद एवं भंडारे की व्यवस्था की गयी है. आयोजन के दौरान पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन का भी सहयोग रहेगा.
समिति ने श्रद्धालुओं से की शामिल होने की अपील
आयोजन समिति में मुखिया प्रतिनिधि सह भाजपा प्रखंड अध्यक्ष चिरंजीवी कुमार सरकार, जिला महामंत्री धनंजय मंडल, महामंत्री फेकू बसाक, उत्तम मंडल, नकुल मंडल एवं समस्त ग्रामवासी, जामनगर इल्लू मंडल टोला की ओर से क्षेत्र के श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने एवं आयोजन को सफल बनाने की अपील की गयी है.



