गुमानी रेलवे स्टेशन पर मालदा-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग तेज हो गई है। यात्रियों की सुविधा को लेकर 10 दिसंबर को बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
बरहरवा : बरहरवा-पाकुड़ रेलखंड के गुमानी रेलवे स्टेशन पर 13011-13012 मालदा-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर आंदोलन तेज होने जा रहा है. नव झारखंड जन एकता संगठन ने आगामी 10 दिसंबर 2026 को सुबह 10 बजे से स्टेशन परिसर में विशाल धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है.
डीआरएम को भेजा आंदोलन का पत्र
संगठन के अध्यक्ष फारोग अहसान ने इस संबंध में हावड़ा मंडल के डीआरएम को पत्र भेजकर आंदोलन की सूचना दी है. उन्होंने बताया कि ट्रेन ठहराव की मांग को लेकर 7 अगस्त, 9 सितंबर और 12 अक्टूबर को रेलवे प्रशासन को पत्र भेजे गए हैं. साथ ही जनहस्ताक्षर अभियान चलाकर मांग-पत्र भी भेजा गया है.
दर्जनों गांवों के यात्रियों को परेशानी
संगठन का कहना है कि गुमानी स्टेशन आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र है. यहां से विद्यार्थी, मरीज, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं. इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी होती है.
सकारात्मक पहल नहीं हुई तो होगा जनआंदोलन
संगठन ने चेतावनी दी है कि रेलवे प्रशासन ने जल्द सकारात्मक पहल नहीं की, तो 10 दिसंबर को व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा. धरना-प्रदर्शन में आम नागरिकों और सामाजिक संगठनों से शामिल होने की अपील की गई है.



