झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर तालझारी में 400 लाभार्थियों को अबुआ आवास की चाबियां दी गईं। इस अवसर पर आयोजित गृह प्रवेश समारोह में परिवारों को आवास योजना से जुड़ी जरूरी जानकारियां भी साझा की गईं।
तालझारी: झारखंड राज्य के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को पंचायत स्तर पर गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया. गृह प्रवेश कार्यक्रम का शुभारंभ झामुमो के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष जोसेफ हेम्ब्रम एवं पूर्व प्रखंड सचिव मो. जहांगीर ने फीता काटकर और विधिवत रूप से गृह प्रवेश करा कर किया. जनप्रतिनिधियों के हाथों अबुआ आवास के लाभुकों को आवास की चाबी देकर गृह प्रवेश कराया गया.
संकल्प सभा में दी गई आवास से जुड़ी जानकारी
इस अवसर पर संकल्प सभा का भी आयोजन किया गया. सभा में आवास के लाभुकों को आवास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई. पंचायत स्तर पर विधिवत तरीके से सभी लाभुकों का गृह प्रवेश संपन्न कराया गया.
प्रखंड में कुल 2152 आवासों में गृह प्रवेश कराने का लक्ष्य
आवास प्रखंड कोऑर्डिनेटर मो. इम्तियाज ने बताया कि तालझारी प्रखंड अंतर्गत निर्धारित समय के अनुसार प्रथम दिन करीब चार सौ आवास के लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कुल 2152 आवासों में गृह प्रवेश कराना है, जिसकी शुरुआत कर दी गई है. मौके पर प्रखंड कोऑर्डिनेटर मो. इम्तियाज, पंचायत के मुखिया और ग्राम प्रधान सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.



