बरहेट प्रखंड में छठ पर्व की तैयारियां पूरी हो गई हैं. गुमानी नदी घाट का निरीक्षण किया गया और व्रतियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं.
बरहेट: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बरहेट प्रखंड क्षेत्र में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बरहेट बाजार स्थित गुमानी नदी तट पर छठ घाट की साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं. इसी क्रम में शनिवार को बीडीओ अंशु कुमार पांडेय, थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया एवं झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह प्रमुख बर्नार्ड मरांडी ने छठ घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया.
पूजा समिति के सदस्यों से ली व्यवस्थाओं की जानकारी
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने छठ पूजा समिति के सदस्यों से बातचीत कर घाट पर की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली. इस दौरान घाट की साफ-सफाई, समतलीकरण तथा व्रतियों के अर्घ्य देने के लिए उपलब्ध स्थान का बारीकी से जायजा लिया गया. पूजा समिति के सदस्यों ने भी पर्व को लेकर की जा रही तैयारियों से अधिकारियों को अवगत कराया.
व्रतियों की सुविधा के लिए घाट का कराया गया समतलीकरण
मौके पर बीडीओ अंशु कुमार पांडेय ने कहा कि छठ महापर्व को देखते हुए गुमानी नदी स्थित छठ घाट की पूरी तरह साफ-सफाई करा दी गई है. इसके साथ ही घाट का समतलीकरण भी कराया गया है, ताकि व्रतियों को नदी तट तक पहुंचने और अर्घ्य देने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट पर पहुंचते हैं, ऐसे में उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां की गई हैं.
शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन में जुटे प्रशासन और समिति
बीडीओ ने बताया कि प्रशासन की ओर से छठ पर्व को लेकर व्यवस्थाओं पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है. वहीं, थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया ने भी घाट का निरीक्षण कर पूजा समिति के सदस्यों से बातचीत की. छठ पूजा समिति के सदस्य भी पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की तैयारियों में जुटे हुए हैं. निरीक्षण के दौरान रूपक साह, पप्पू भगत सहित छठ पूजा समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहें.



