डेढ़ साल के लंबे इंतजार के बाद साहिबगंज-मनिहारी के बीच गंगा में यात्री फेरी सेवा बहाल हो गई है। ‘अंबा’ जहाज के दोबारा परिचालन शुरू करने से दोनों ओर के यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
साहिबगंज.गंगा नदी के रास्ते आवागमन करने वाले साहिबगंज और मनिहारी के यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. लंबे इंतजार के बाद गंगा नदी में यात्री फेरी सेवा की दोबारा शुरुआत कर दी गई है. जिला परिषद उपाध्यक्ष सुनील यादव ने विधिवत पूजा-अर्चना कर यात्री जहाज ‘अंबा’ को रवाना किया.
नारियल फोड़कर यात्री जहाज ‘अंबा’ का किया गया शुभारंभ
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए शुरू की गई इस फेरी सेवा के उद्घाटन अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष सुनील यादव मौजूद रहे. उन्होंने गंगा तट पर विधिवत पूजा-अर्चना की और नारियल फोड़ते हुए यात्री जहाज ‘अंबा’ का शुभारंभ किया. फिलहाल यह सेवा साहिबगंज जिले के कारगिल क्षेत्र से सटे बिहार के महेशपुर घाट से शुरू की गई है, जिसके जरिए यात्री महेशपुर घाट से मनिहारी तक गंगा नदी के रास्ते आसानी से सफर कर सकेंगे.
1 अप्रैल 2025 से बंद थी सेवा, स्थानीय लोगों में खुशी की लहर
मिली जानकारी के अनुसार, यह महत्वपूर्ण यात्री फेरी सेवा 1 अप्रैल 2025 से बंद पड़ी थी. इसके दोबारा चालू होने से साहिबगंज, मनिहारी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिली है. अब यात्रियों को गंगा पार करने के लिए एक सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों में खुशी का माहौल है.



