राजमहल। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से मखनी गांव एवं खुटहरि पंचायत में आयोजित दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत समिति सदस्य रेणु बाला ने की।
मखनी गांव में जलवायु अनुकूल खेती के तहत किसानों को बदलते मौसम, कम वर्षा में फसल प्रबंधन, जल संरक्षण, फसल विविधीकरण और संतुलित उर्वरक उपयोग की जानकारी दी गई। वहीं, खुटहरि पंचायत में मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रशिक्षण के दौरान मिट्टी की जांच, पोषक तत्वों की पहचान तथा फसलों के अनुसार खाद एवं उर्वरकों के उचित इस्तेमाल के बारे में बताया गया।
सहायक तकनीकी प्रबंधक (एटीएम) नीरज कुमार एवं प्रवीण कुमार ने किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने और कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। मौके पर सीआरपी लता कुमारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।



