साहिबगंज। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी प्रसाद यादव ने कांग्रेस द्वारा ईवीएम के इस्तेमाल पर लगातार सवाल उठाए जाने को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ने के बजाय कांग्रेस को अपने राजनीतिक प्रदर्शन की समीक्षा करनी चाहिए। लोकतंत्र में जीत और हार का फैसला जनता करती है, न कि चुनाव प्रणाली।
बजरंगी प्रसाद यादव ने आगामी एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस की रैली का जिक्र करते हुए राहुल गांधी से सवाल किया कि जब बैलेट पेपर से चुनाव कराए गए, तब कांग्रेस की हार की जिम्मेदारी किसकी होगी?
उन्होंने विधान परिषद की 28 सीटों पर हुए चुनाव का हवाला देते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में कांग्रेस ने 12 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन उसे केवल महाराष्ट्र में एक सीट पर जीत हासिल हुई। वहीं, कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद चारों सीटों पर भाजपा-जेडीएस गठबंधन ने जीत दर्ज की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार ईवीएम पर सवाल उठाकर चुनावी प्रक्रिया को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश कर रही है, जबकि उसे अपनी हार के वास्तविक कारणों पर विचार करना चाहिए। परिवारवाद, कमजोर राजनीतिक रणनीति और जनता के बीच घटते विश्वास जैसे मुद्दों पर कांग्रेस नेतृत्व को गंभीरता से आत्ममंथन करने की जरूरत है।
यादव ने कहा कि चुनाव ईवीएम से हो या बैलेट पेपर से, लोकतंत्र में जनता का जनादेश ही सर्वोपरि होता है। राजनीतिक दलों को चुनावी हार के लिए व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराने के बजाय जनता का विश्वास जीतने और अपनी कमियों को सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।



