साहिबगंज के लालू कुमार यादव का 52वीं जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप में तकनीकी अधिकारी के रूप में चयन हुआ है. यह झारखंड के लिए गर्व का पल है.
साहिबगंज: झारखंड और साहिबगंज जिले के लिए यह बेहद गर्व और हर्ष का विषय है कि जिले के लालू कुमार यादव का चयन 52वीं जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप (बालक वर्ग) के लिए तकनीकी अधिकारी (Technical Officer) के रूप में किया गया है. अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा जारी किए गए आधिकारिक चयन पत्र के अनुसार, यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 1 नवंबर से 4 नवंबर 2026 तक पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बिहार में आयोजित की जाएगी.
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश भर के चुनिंदा अधिकारी संभालेंगे कमान
इस बड़े स्तर की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित चुनिंदा तकनीकी अधिकारी ही अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे. ऐसे में लालू कुमार यादव का पूरे झारखंड राज्य से तकनीकी अधिकारी के रूप में चयन होना राज्य के खेल जगत के लिए एक बहुत बड़ी और गौरवपूर्ण उपलब्धि है. उनकी इस सफलता से साहिबगंज और पूरे झारखंड के कबड्डी से जुड़े खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं खेल जगत में खुशी का माहौल देखा जा रहा है.
उपायुक्त और खेल संघ के अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
लालू कुमार यादव की इस बड़ी उपलब्धि पर साहिबगंज के जिला उपायुक्त, जिला शिक्षा अधीक्षक एवं जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार ने खुशी जाहिर की है. इसके साथ ही जिला कबड्डी संघ के सचिव वीरेंद्र कुमार, अध्यक्ष नवनीत कुमार सोनू, साहिबगंज कॉलेज के प्रोफेसर डॉक्टर रंजीत कुमार सिंह और तमाम स्थानीय खेल प्रेमियों व शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है. सभी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करने तथा झारखंड और साहिबगंज का नाम देश भर में रोशन करने के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं.
साहिबगंज के लालू कुमार यादव का राष्ट्रीय मंच पर जलवा; जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप में बने तकनीकी अधिकारी|
Leave a comment



