सांतरागाछी से जयपुर के बीच 4 नवंबर से नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू होगी. यह ट्रेन रांची सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. जानें पूरा रूट और समय.
Santragachi Jaipur Train News : यात्रियों की सुविधा को देखते हुए सांतरागाछी से जयपुर के खातीपुरा के बीच नयी साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू की जायेगी. उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, ट्रेन संख्या 18061 का नियमित परिचालन 4 नवंबर से प्रत्येक बुधवार को सांतरागाछी से होगा.
ट्रेन सांतरागाछी से दोपहर 2:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन गुरुवार को रात 11 बजे खातीपुरा पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 18062 खातीपुरा से 6 नवंबर से प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी. यह ट्रेन सुबह 9:15 बजे खातीपुरा से रवाना होकर अगले दिन शाम 7:45 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी.
रांची समेत इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
नयी साप्ताहिक ट्रेन का ठहराव रांची के साथ झारखंड और अन्य राज्यों के कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा. ट्रेन खड़गपुर, टाटानगर, चांडिल, पुरुलिया, मुरी, रांची, लोहरदगा, टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डाल्टनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज जंक्शन, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल, टुंडला जंक्शन, ईदगाह आगरा जंक्शन, खेड़ली, मंडावर महुवा रोड, बांदीकुई और दौसा स्टेशन पर रुकेगी. इससे रांची और आसपास के यात्रियों को राजस्थान की ओर आने-जाने के लिए एक और रेल विकल्प मिलेगा.
22 डिब्बों की होगी ट्रेन
ट्रेन में कुल 22 डिब्बे होंगे. इनमें एक फर्स्ट एसी, दो सेकेंड एसी, चार थर्ड एसी, दो थर्ड एसी इकोनॉमी, एक पैंट्रीकार, छह द्वितीय शयनयान, चार साधारण श्रेणी, एक पावरकार और एक गार्ड डिब्बा शामिल है. नई सेवा शुरू होने से रांची, टाटानगर, पुरुलिया और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को राजस्थान की यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा.



