आरपीएफ ने रात दो बजे प्लेटफॉर्म से दोनों को सुरक्षित बरामद कर चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंपा
बरहरवा। बरहरवा रेलवे स्टेशन पर रविवार की रात करीब दो बजे आरपीएफ ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे करीब 14 वर्षीय दो नाबालिगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। दोनों प्लेटफॉर्म संख्या एक पर फुट ओवरब्रिज के समीप मिले थे। पूछताछ में एक नाबालिग ने पारिवारिक परेशानी के कारण घर से निकलने की बात बताई, जबकि दूसरे ने दोस्त के साथ ट्रेन से बाहर जाने की योजना की जानकारी दी।
आरपीएफ ने चाइल्ड हेल्पलाइन को दी सूचना:
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में दोनों नाबालिगों को आरपीएफ पोस्ट लाया गया। इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन रेलवे, साहिबगंज को मामले की सूचना दी गई। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को सुरक्षा और आगे की कार्रवाई के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द कर दिया गया।



