रघुनाथगंज पुलिस ने 30 लाख रुपये नकद के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. बांग्लादेश भेजने की आशंका के चलते मामले की जांच तेज कर दी ग
फरक्का. मुर्शिदाबाद जिले के रघुनाथगंज थाना पुलिस ने ओपेक बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति को 30 लाख रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया. उसके पास से दो स्मार्ट मोबाइल फोन और थैले में रखे 500 व 100 रुपये के नोट भी बरामद किये गये.सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान तेघोरिया विश्वासपाड़ा निवासी आशिफ रहमान के रूप में हुई है. रघुनाथगंज थाना के आईसी अभिजीत बोसु को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में नकदी लेकर संदिग्ध गतिविधि के सिलसिले में इलाके से गुजरने वाला है. इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी.
इसी दौरान देर रात ओपेक बस स्टैंड के पास टीवीएस स्कूटी से जा रहे आशिफ रहमान को पुलिस ने रोककर पूछताछ की. उसके जवाब से संदेह होने पर तलाशी ली गयी. इस दौरान थैले से 30 लाख रुपये नकद बरामद हुए.
बांग्लादेश भेजने की आशंका, जांच जारी
रघुनाथगंज के एसडीपीओ लक्षण प्रताप चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बरामद रकम बांग्लादेश भेजने की योजना थी. हालांकि, रुपये के स्रोत और इसके पीछे की पूरी गतिविधि की जांच की जा रही है.
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पूछताछ के लिए 10 दिनों की रिमांड मांगी है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आयी और इस मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं.



