बरहरवा/साहिबगंज। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय सभागार में बीडीओ सन्नी कुमार दास की अध्यक्षता में विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई। बीडीओ ने कहा कि ग्राम सभा का उद्देश्य गांधीजी के स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ कुपोषण के खिलाफ जागरूकता और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को रोकना है। अंचल अधिकारी अनोज कुमार ने ग्रामीणों को जमीन से संबंधित कार्यों को सरल एवं सही तरीके से कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी। विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने बाल विवाह को गंभीर सामाजिक समस्या बताते हुए कहा कि कम उम्र में विवाह से आगे चलकर पारिवारिक विवाद और अन्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने बाल विवाह रोकने और बच्चों की शिक्षा पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक समरसता के संदेशों को अपनाने का संकल्प लिया। मौके पर नपं ईओ दीपक कुमार सहित अन्य मौजूद थे।



