बरहेट/साहिबगंज। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित पंचायत भवन, बरहेट संथाली उत्तरी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत गांधीजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उनके सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता के विचारों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि गांधीजी के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रासंगिक हैं। सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उनके स्वच्छता एवं आत्मनिर्भरता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। मौके पर प्रखंड नाजिर अजय कुमार, आपूर्ति पदाधिकारी रवि शंकर प्रसाद, पंचायत सचिव बबीता सोरेन, पंचायत सहायक समदा सोरेन सहित अन्य कर्मी मौजूद थे। सभी ने गांधीजी के आदर्शों को अपनाने तथा समाज में स्वच्छता, भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।



