साहिबगंज। सदर प्रखंड के महादेवगंज क्षेत्र में जर्जर बिजली तारों के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। तार क्षतिग्रस्त होने के कारण आए दिन शॉर्ट सर्किट और तार जलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीण डंकल कुमार यादव सहित अन्य बिजली उपभोक्ताओं ने मुख्य विद्युत कार्यपालक को आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बिजली आपूर्ति करने वाली लाइन के तार काफी पुराने और कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हैं। पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति भी बार-बार बाधित हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार हवा चलने पर तार आपस में टकराने लगते हैं, जिससे स्पार्किंग होने की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इससे कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि जर्जर तारों के कारण लोगों को हमेशा जान-माल की चिंता बनी रहती है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए महादेवगंज क्षेत्र के जर्जर बिजली तारों को जल्द से जल्द बदला जाए, ताकि बिजली आपूर्ति सुचारु होने के साथ-साथ संभावित दुर्घटना को भी रोका जा सके।



