साहिबगंज। 37वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए साहिबगंज जिले के छह एथलीट मंगलवार सुबह पटना के लिए रवाना हुए। प्रतियोगिता का आयोजन 22 से 24 सितंबर 2026 तक पटना में किया जाएगा। जिले के सभी चयनित खिलाड़ी झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिले में खेल विभाग द्वारा सिदो-कान्हू स्टेडियम में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, साहिबगंज के प्रशिक्षु एमानुएल किस्कू, परमा हांसदा, चंदन रजवार, विशाल कुमार एवं पृथ्वी मंडल तथा डे-बोर्डिंग बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, सकरीगली के प्रशिक्षु आकाश मंडल पटना के लिए रवाना हुए।
ज्ञात हो कि इस प्रतियोगिता के लिए साहिबगंज जिले के कुल 11 एथलीटों का चयन झारखंड टीम में किया गया है। अन्य खिलाड़ी अपनी-अपनी स्पर्धाओं की तिथि के अनुसार पटना के लिए रवाना होंगे।
प्रतियोगिता में झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, मेघालय, सिक्किम, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश तथा अंडमान एवं निकोबार की टीमें भाग लेंगी।
जिले के चयनित खिलाड़ियों को उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेश यादव, सचिव माधव चंद्र घोष, कल्याण श्रीवास्तव, ओम तत्सत, कोच योगेश यादव, अशोक साहनी एवं निमाई चौधरी समेत जिले के खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं दीं।



