गृह रक्षकों ने पांच साल से लंबित भत्तों के भुगतान की मांग को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा. स्वास्थ्य और परीक्षा ड्यूटी के बकाया भुगतान पर उठा सवाल.
साहिबगंज: बकाया भत्ते के भुगतान की मांग को लेकर गृह रक्षकों ने मंगलवार को उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा. गृह रक्षकों ने स्वास्थ्य विभाग में वर्ष 2024 के अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर तथा वर्ष 2025 के जनवरी और फरवरी के बकाया भत्ते के भुगतान की मांग की. इसके अलावा वर्ष 2022, 2023 और 2024 की मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा ड्यूटी के लंबित भत्ते का भुगतान कराने की भी मांग उठायी.
पुराना बकाया लंबित, बाद के भुगतान पर उठाये सवाल
ज्ञापन में गृह रक्षकों ने कहा कि उनका पुराना बकाया भत्ता रोक दिया गया है, जबकि जुलाई 2026 तक के भत्ते का भुगतान कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि कई गृह रक्षक ड्यूटी करने के बाद सेवानिवृत्त हो चुके हैं, लेकिन उनका पुराना बकाया अब भी लंबित है. गृह रक्षकों ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए सभी लंबित भुगतानों को जल्द जारी करने की मांग की.
भुगतान नहीं होने से परिवार चलाना मुश्किल
गृह रक्षकों के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग और परीक्षा ड्यूटी समेत विभिन्न विभागों में पिछले पांच वर्षों के कई भुगतान लंबित हैं. इससे उन्हें घर-परिवार चलाने में आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कार्यालय में प्रतिनियुक्त गृह रक्षक गोपी झा और आकाश यादव से भी बकाया भुगतान के संबंध में जानकारी मांगी. ज्ञापन में कहा गया कि आवंटन नहीं आने की बात कही जा रही है, जबकि गृह रक्षक लंबे समय से भुगतान का इंतजार कर रहे हैं.
जल्द भुगतान कराने की मांग
गृह रक्षकों ने उपायुक्त से मामले में पहल कर स्वास्थ्य विभाग, परीक्षा ड्यूटी और अन्य विभागों के लंबित भत्तों का भुगतान जल्द कराने की मांग की. ज्ञापन सौंपने के दौरान पंकज कुमार मंडल, अशोक कुमार साहा, शेख सुलतान और दिनेश तांती उपस्थित थे



