दीपावली और छठ पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं. नई दिल्ली-हावड़ा और आनंद विहार-सबौर स्पेशल ट्रेनों के चलने से इस रूट के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
साहिबगंज. दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दो जोड़ी विशेष ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है. इनमें एक जोड़ी ट्रेन नई दिल्ली-हावड़ा और दूसरी जोड़ी आनंद विहार टर्मिनल-सबौर के बीच चलेगी. आनंद विहार-सबौर स्पेशल ट्रेन साहिबगंज और बरहरवा रेलखंड से होकर गुजरेगी, जिससे इस रेलखंड के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा.
आनंद विहार-सबौर स्पेशल का समय
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, ट्रेन संख्या 04066 आनंद विहार-सबौर स्पेशल 6, 7, 11 और 12 नवंबर को आनंद विहार से सुबह 5 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 7 बजे सबौर पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 04065 सबौर-आनंद विहार स्पेशल 7, 8, 12 और 13 नवंबर को सबौर से सुबह 11 बजे खुलेगी और अगले दिन दोपहर 1:45 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी.
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर और अभयपुर स्टेशनों पर रुकेगी. इसके अलावा यह साहिबगंज और बरहरवा रेलखंड से होकर गुजरेगी. इस ट्रेन में वातानुकूलित श्रेणी के कोच लगाये जाएंगे.
नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल का परिचालन
ट्रेन संख्या 04054 नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल 4, 5, 7, 11 और 12 नवंबर को नई दिल्ली से शाम 6:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 11:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी.
वापसी में ट्रेन संख्या 04053 हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल 6, 7, 9, 13 और 14 नवंबर को हावड़ा से रात 1:40 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 8:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी.
इस ट्रेन का ठहराव दोनों दिशाओं में बंडेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर होगा. इसमें सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान और वातानुकूलित श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे.
रेलवे के अनुसार, दोनों विशेष ट्रेनों में आरक्षण शुरू होने की तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी.



