अभाविप की ‘छात्र गर्जना’ 3 नवंबर को रांची में भारत विरोधी गतिविधियों के खिलाफ 5000+ छात्रों को एकजुट करेगी. साहिबगंज से 300 विद्यार्थी करेंगे भाग. जानें पूरी योजना.
साहिबगंज : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) साहिबगंज नगर की ओर से आगामी 3 नवंबर को रांची में आयोजित होने वाले ‘अराजकता रोको, लोकतंत्र बचाओ-छात्र गर्जना’ कार्यक्रम की तैयारी को लेकर रविवार को महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, विद्यार्थियों की सहभागिता और संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गयी. साहिबगंज जिले से 300 से अधिक विद्यार्थियों के रांची पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
भारत विरोधी गतिविधियों के खिलाफ आंदोलन पर चर्चा
बैठक में मुख्य रूप से झारखंड प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक इंद्रजीत साह उपस्थित रहे. इस दौरान देश की एकता एवं अखंडता के विरुद्ध उठने वाली आवाजों, भारत के विभाजन की बातें करने वाले विचारों तथा चिकन नेक जैसे सामरिक रूप से संवेदनशील क्षेत्र को लेकर दिये जा रहे विवादित बयानों सहित विभिन्न भारत विरोधी गतिविधियों के विरुद्ध परिषद की ओर से चलाये जा रहे देशव्यापी आंदोलन पर चर्चा हुई.
झारखंड से 5000 से अधिक विद्यार्थियों के जुटने की संभावना
आगामी 3 नवंबर को रांची में आयोजित छात्र गर्जना कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न जिलों से 5000 से अधिक विद्यार्थियों के जुटने की संभावना जतायी गयी है. इस छात्र समागम में प्रदेशभर के विद्यार्थी एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे. साहिबगंज जिले से भी 300 से अधिक विद्यार्थियों को रांची पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है.
भारत की एकता और अखंडता की रक्षा जरूरी : इंद्रजीत साह
प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक इंद्रजीत साह ने कहा कि भारत की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है. जब देश की संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों से जुड़े विषयों पर सवाल खड़े होते हैं, तब विद्यार्थियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है. उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्रहित के साथ राष्ट्रहित के विषयों पर भी अपनी आवाज बुलंद करती रही है. उनके अनुसार, 3 नवंबर को रांची में होने वाली छात्र गर्जना प्रदेश के विद्यार्थियों की एकजुटता और लोकतांत्रिक सहभागिता का बड़ा उदाहरण बनेगी.
शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचाया जा रहा कार्यक्रम का संदेश
नगर मंत्री चंदन कुमार गुप्ता ने कहा कि साहिबगंज जिले के विद्यार्थियों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह है. जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों तक कार्यक्रम का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि लक्ष्य है कि साहिबगंज से 300 से अधिक विद्यार्थी रांची पहुंचकर छात्र गर्जना में शामिल हों. बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया.
ये कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस अवसर पर प्रदेश छात्रा सह प्रमुख सुश्री निधि सिंह, जिला कार्यालय मंत्री अंकुश कुमार, नगर सह मंत्री लक्ष्मी कुमारी, दीपिका कुमारी, पूर्णव कुमार, अनुप्रासन कुमार, अमन भगत, नीरज यादव, समीर कुमार, अविनाश साह, बादल कुमार, रोशन कुमार और राजा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.



