J-TET परीक्षा लाखों अभ्यर्थियों के लिए कड़े सुरक्षा इंतजामों के साथ जारी है. रांची में 3 हजार पुलिस बल की तैनाती और धारा 144 लागू की गई है. जानिए पूरी खबर.
रांची : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (J-TET) को लेकर राज्य सरकार और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचार मुक्त संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. इसे लेकर राजधानी रांची में करीब 3 हजार पुलिस बलों की तैनाती की गई है. संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. प्रशासन की कोशिश है कि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी या अव्यवस्था न हो.
रविवार को परीक्षा, लाखों अभ्यर्थी शामिल
रविवार को राज्यभर में आयोजित J-TET परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए हैं. करीब 10 साल के लंबे अंतराल के बाद हो रही इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह है. राज्यभर में परीक्षा के लिए 5,65,916 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. इसके लिए सभी 24 जिलों में 986 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं.
रांची में 3 हजार पुलिस बल की तैनाती
राजधानी रांची में परीक्षा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए करीब 3 हजार सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. पुलिस पदाधिकारियों के साथ सुरक्षा बलों को अलग-अलग केंद्रों पर लगाया गया है. संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है. केंद्रों के आसपास भी पुलिस की निगरानी है, ताकि अनावश्यक भीड़ न लगे और किसी तरह की अव्यवस्था न हो. रांची के सभी 101 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है. यह आदेश सुबह 6:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक प्रभावी रहेगा. परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की जांच और प्रवेश प्रक्रिया पर भी विशेष निगरानी है.
पहली पाली समाप्त, दूसरी पाली 2 बजे से
J-TET की परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है. पहली पाली की परीक्षा संपन्न हो चुकी है, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होकर शाम 4:30 बजे तक चलेगी. दोनों पालियों में अलग-अलग स्तर के अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को प्रतिबंधित किया गया है. सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के साथ प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
कदाचार करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
सरकार ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी, नकल या अनुचित गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी. कदाचार में शामिल होने या मदद करने वालों के खिलाफ झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम, 2023 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन का जोर है कि लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़ी यह परीक्षा बिना किसी विवाद के संपन्न हो.



