अर्नब तूफान के कारण JSSC सहायक कारापाल परीक्षा स्थगित हुई. नई तारीखें 18-21 नवंबर 2026 तक तय की गईं. रांची केंद्र पर परीक्षा का कार्यक्रम बदल गया है.
रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने झारखंड सहायक कारापाल प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के तहत आयोजित होने वाली शारीरिक मापदंड एवं दक्षता परीक्षा के कार्यक्रम में संशोधन किया है. इससे पहले 28 अक्टूबर 2026 से 31 अक्टूबर तक यह परीक्षा होनी थी, लेकिन तूफान के कारण आयोग ने इसे फिलहाल स्थगित करते हुए नई तारीख जारी की है. आयोग की ओर से कहा गया है कि अब यह परीक्षा 18 से 21 नवंबर 2026 तक होगी.
रांची केंद्र की परीक्षा की तिथियां बदलीं
चक्रवात अर्नब के कारण रांची में संभावित भारी बारिश की आशंका तथा पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखंड, रांची के कार्यालय से प्राप्त पत्र के आलोक में चयन पर्षद-01 के अंतर्गत आयोजित होने वाली परीक्षा की तिथियों में बदलाव किया गया है.
जैप-1 ग्राउंड, डोरंडा, रांची में 28, 29, 30 एवं 31 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित शारीरिक मापदंड एवं दक्षता परीक्षा अब क्रमशः 18, 19, 20 एवं 21 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी. आयोग ने स्पष्ट किया है कि शारीरिक मापदंड एवं दक्षता परीक्षा का शेष कार्यक्रम पूर्ववत रहेगा.
84 पद के लिए 56304 अभ्यर्थी परीक्षा में हो रहे हैं शामिल
झारखंड सहायक कारापाल नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा-2025 की शारीरिक मापदंड एवं दक्षता परीक्षा में कुल 84 पदे के लिए 56,304 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. रांची (जैप-1 ग्राउंड, डोरंडा में 25,215 अभ्यर्थी, हजारीबाग (कर्जन ग्राउंड) में 19,926 अभ्यर्थी तथा गोड्डा (राजेंद्र स्टेडियम, महागामा) में 11,163 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. प्रत्येक पद के लिए औसतन लगभग 670 अभ्यर्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा है. शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ही आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल होंगे.



