तीनपहाड़ में सीएससी संचालक पवन रविदास की सड़क दुर्घटना में मौत से परिवार में हाहाकार. दो बेटों और एक बेटी के सिर से उठा पिता का साया. घटना का पूरा विवरण.
तीनपहाड़. थाना क्षेत्र के सगड़भंगा गांव निवासी 30 वर्षीय पवन रविदास की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. गुरुवार देर रात हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है. पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.
सीएससी सेंटर बंद कर भाई के घर पहुंचे थे पवन
मिली जानकारी के अनुसार, पवन रविदास सगड़भंगा पंचायत में वीएलई (विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर) के पद पर कार्यरत थे. इसके साथ ही भवनगांवा मोड़ पर सीएससी सेंटर का संचालन करते थे. गुरुवार देर रात रोजाना की तरह उन्होंने अपना सीएससी सेंटर बंद किया और निजी स्कॉर्पियो से केसा खापड़ गांव स्थित अपने छोटे भाई पंकज रविदास के घर पहुंचे. वहां स्कॉर्पियो खड़ी कर बाइक से अपने घर सगड़भंगा हरिजन टोला के लिए निकल पड़े.
सड़क पर बाइक समेत गिरे मिले
काफी देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन चिंतित हो गये. उन्होंने मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन पवन ने फोन रिसीव नहीं किया. इसके बाद परिवार के लोग उनकी तलाश में निकल पड़े. इसी दौरान केसा से सगड़भंगा के बीच मुख्य सड़क पर पवन बाइक समेत गिरे हुए मिले.
अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में उन्हें राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर राजमहल थाना पुलिस के नंद किशोर यादव और दीवान निराला मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गये पवन
पवन अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गये हैं. परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है.



