साहिबगंज। जिले में बढ़ते बाढ़ के प्रकोप के बीच प्रोविडेंस स्कूल के शिक्षकों ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री वितरित की। प्रधानाचार्या सिस्टर बीना जॉर्ज के नेतृत्व में शिक्षकों की टीम ने रसूलपुर दहला क्षेत्र में पहुंचकर करीब 300 घरों में सूखा राशन एवं अन्य आवश्यक सामग्री बांटी। प्रधानाचार्या स्वयं बाढ़ के पानी के बीच पहुंचीं और घर-घर जाकर राहत सामग्री उपलब्ध कराई। स्थानीय लोगों ने स्कूल की इस पहल की सराहना की। सिस्टर बीना जॉर्ज ने कहा कि संकट की घड़ी में लोगों को अकेला नहीं छोड़ा जा सकता। स्कूल समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने वाला परिवार है। जरूरत पड़ने पर आगे भी प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता की जाएगी। मौके पर आशीष रंजन कुमार, उत्पल कुमार, आकाश चौधरी, राहुल कुमार, सोमेश कुमार, संजीव कुमार, सुमित अमित सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।



