साहिबगंज। साहिबगंज में पहली बार तीन दिवसीय 20वीं झारखंड राज्य जूनियर बालक-बालिका कबड्डी प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को दोपहर 2 बजे सकरीगली रेलवे ग्राउंड में होगा। 12, 13 और 14 सितंबर को होने वाली प्रतियोगिता में झारखंड के 24 जिलों की बालक एवं बालिका टीमें हिस्सा लेंगी। कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड की स्वीकृति एवं मार्गदर्शन में साहिबगंज जिला कबड्डी एसोसिएशन सह आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. रणजीत सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष नवनीत कुमार सोनू, सचिव लालू यादव और उपसचिव उत्तम कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को प्रतिभा प्रदर्शन का बेहतर मंच देना है। चयनित खिलाड़ी अक्टूबर में राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों के आवासन एवं भोजन की व्यवस्था पूरी कर ली गई है।



