कोविड महामारी के दौरान भी निभाई थी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
राजमहल। राजमहल अनुमंडल अस्पताल में पदस्थापित प्रयोगशाला प्रावैधिक सचिन कुमार साह का 28 अक्टूबर 2026 को आकस्मिक निधन हो गया। वे मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के वाजिदपुर के निवासी थे और वर्ष 2010 से अनुमंडल अस्पताल राजमहल में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
उनके निधन की खबर से अस्पताल के पदाधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर है। दिवंगत कर्मचारी को श्रद्धांजलि देने के लिए अस्पताल परिसर में शोक सभा आयोजित की गई, जहां सभी ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की गई।
कर्तव्यनिष्ठ और मृदुभाषी कर्मचारी थे सचिन कुमार साह :
अस्पताल कर्मियों ने बताया कि सचिन कुमार साह मृदुभाषी और अपने कार्य के प्रति सजग रहने वाले कर्मचारी थे। विकट परिस्थितियों में भी वे अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते थे। कोविड-19 महामारी के दौरान भी उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया और दिन-रात सेवा कार्य में तत्पर रहे।
उनके सहकर्मियों ने कहा कि सचिन कुमार साह का निधन अस्पताल परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। इस दुख की घड़ी में सभी स्वास्थ्यकर्मियों ने उनके परिवार के साथ खड़े रहने और हरसंभव सहयोग करने का संकल्प लिया।



