रांची के अशोक नगर में सड़क हादसे में राजकुमार प्रसाद की मौत. तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर. परिजनों ने शव रखकर किया प्रदर्शन, गिरफ्तारी की मांग.
रांची. अशोक नगर गेट नंबर-2 के पास शुक्रवार रात सड़क हादसे में राजकुमार प्रसाद की मौत हो गयी. मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे राजकुमार प्रसाद अशोक नगर से फेरी कर लौट रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार सफेद-ग्रे रंग की क्रेटा कार ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल राजकुमार प्रसाद की बाद में मौत हो गयी.
गिरफ्तारी की मांग पर सड़क पर बैठे परिजन और स्थानीय लोग
हादसे की जानकारी मिलने के बाद शनिवार को मृतक के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गये. लोगों ने शव के साथ सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया और हादसे में शामिल कार चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की. प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम की स्थिति बन गयी.
अधिकारियों से बातचीत के बाद समाप्त हुआ जाम
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से बातचीत की. इस दौरान उनकी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया. अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन और स्थानीय लोग जाम समाप्त करने पर सहमत हुए. इसके बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हुई.
चालक की पहचान और कार्रवाई की मांग
परिजनों और स्थानीय लोगों ने हादसे में शामिल कार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. हादसे के बाद से फरार चालक और वाहन की पहचान को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है.



