साहिबगंज। राजभाषा पखवाड़ा-2026 के तहत पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के राजभाषा विभाग की ओर से मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर ‘गलत हिंदी शब्द पकड़ो’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन सुबह 11 बजे से किया गया।
कार्यक्रम में मालदा मंडल के राजभाषा विभाग की ओर से विद्या सागर एवं इंद्र ज्योति शामिल हुए। वहीं साहिबगंज से गुरुदेव प्रसाद साह, मुकेश कुमार, विजय कुमार सिंह, राजेश कुमार, चमक लाल मंडल, कुंदन कुमार, शत्रुघ्न कुमार, आस्तिक कुमार, रविराज कुमार, अजीत कुमार, अनिल मंडल, चंदन कुमार राम एवं कंचन प्रभा केरकेट्टा सहित करीब 25 परीक्षार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
सही और गलत हिंदी शब्दों की पहचान की :
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न हिंदी शब्द दिए गए, जिनमें से उन्हें सही एवं गलत शब्दों की पहचान करनी थी। प्रतियोगिता के माध्यम से रेल कर्मचारियों में राजभाषा हिंदी के शुद्ध एवं सही प्रयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। राजभाषा विभाग के अनुसार, ऐसे आयोजनों का उद्देश्य कर्मचारियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि बढ़ाना और दैनिक कार्यों में हिंदी के सही प्रयोग को प्रोत्साहित करना है।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील :
कार्यक्रम के दौरान राजभाषा विभाग की ओर से रेल कर्मचारियों को राजभाषा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतियोगिता में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और हिंदी भाषा के सही प्रयोग से संबंधित अपनी जानकारी एवं समझ का प्रदर्शन किया।



