रात्रि गश्ती बढ़ेगी, नशे के कारोबारियों पर और कसेगा शिकंजा, चोरी और साइबर अपराध पर विशेष निगरानी
साहिबगंज। संवाददाता। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में रविवार की देर शाम एसपी अमित कुमार सिंह की अध्यक्षता में मासिक क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारियों, इंस्पेक्टरों एवं अनुमंडल स्तर के पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया। मुख्यालय डीएसपी रमाकांत साव, एसडीपीओ सुशील सिंह, राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी और बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मादक पदार्थ और आपराधिक गतिविधियों पर कसेगा शिकंजा:
एसपी ने बताया कि श्रावण मास के दौरान पुलिस पदाधिकारी एवं जवान विभिन्न मेला क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था में तैनात थे, जिसके कारण मासिक क्राइम मीटिंग अब आयोजित की गई। बैठक में पिछले महीने की आपराधिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्ती बढ़ाने, चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने का निर्देश दिया। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और तेज करने पर भी जोर दिया गया।
त्योहारों को लेकर विशेष सतर्कता, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई:
आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। एसपी ने स्पष्ट कहा कि असामाजिक तत्वों द्वारा किसी भी तरह की अफवाह या भ्रम फैलाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने साइबर अपराध के मामलों पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शुरू किए गए साइबर सेल के माध्यम से अब जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से प्राप्त साइबर अपराध संबंधी शिकायतों की तकनीकी जांच एवं कार्रवाई साहिबगंज स्तर से ही कराने की व्यवस्था की गई है। एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को साइबर अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।



