भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने झारखंड छात्र आंदोलन में भूख हड़ताल कर रहे देवेंद्र नाथ महतो के समर्थन में पोस्ट किया. देवेंद्र नाथ महतो ने पुलिस के हुई धक्का-मुक्की का एक वीडियो शेयर किया था. संबित पात्रा ने इसे कांग्रेस गठबंधन की तानाशाही बताया.
Jharkhand Student Protest : रांची के बापू वाटिका से शुरू हुआ झारखंड छात्र आंदोलन अपने 22वें दिन में प्रवेश कर चुका है. छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो छात्रों की मांगों को लेकर आमरण अनशन पर बैठे थे. जिनके अनशन का आज 14वां दिन है. आज स्वतंत्रता दिवस के दिन छात्रों से विशाल तिरंगा रैली निकालने का संकल्प लिया था. देवेंद्र महतो ने इसमें शामिल होने की इच्छा जाहिर की. वे फिलहाल अस्पताल में हैं, अपने साथियों के साथ रैली में शामिल होने के लिए निकलना चाहा तो पुलिस ने उन्हें जाने से रोका. इस दौरान पुलिस और देवेंद्रनाथ महतो के बीच धक्का-मुक्की भी हो गई. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने इस घटना का वीडियो शेयर कर हेमंत सरकार की आलोचना की है.
उन्होंने झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के साथ राहुल गांधी को भी मेंशन कर लिखा कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर किसी भी नागरिक के अधिकारों का हनन नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने अपने पोस्ट में आगे कहा कि देवेंद्रनाथ महतो के साथ किया गया व्यवहार कांग्रेस और इनके एलायंस के तानाशाही रवैये को दिखाता है.
अस्पताल से ही भूख हड़ताल जारी रखे हुए देवेंद्र नाथ महतो ने भी अपने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर लिखा-
मैं बीते 14 दिनों से भूख हड़ताल पर हूं और पुलिस ने मुझे बलपूर्वक रोकने का प्रयास कर रही है, धक्का दिया गया. पुलिस ने मेरे साथ मौजूद साथियों के साथ मारपीट भी की. कई दिनों से भूखा रहने के बाद भी मैं अपने हक व अधिकारों और लोगों की आवाज के लिए मजबूती से खड़ा हूं. वे हमें रोक सकते हैं, लेकिन हमारी आवाज को दबा नहीं सकते.



