सासाराम में अब नाली-सड़क के बजाय अर्बन चैलेंज फंड से राजस्व बढ़ाने वाली परियोजनाओं पर ध्यान दिया जाएगा। गोला बाजार में मल्टी-कॉम्प्लेक्स और नए बस स्टैंड के पास आधुनिक पार्क विकसित किया जाएगा।
सासाराम (रोहतास)। अब तक नगर निगम में अधिकांश बजट नाली-सड़क और गली निर्माण जैसी बुनियादी कार्यों पर खर्च होता रहा है।
लेकिन अब अर्बन चैलेंज फंड(UCF) से ऐसी परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जो नगर निगम के दीर्घकालिक राजस्व का स्त्रोत बन सकें और शहर के आर्थिक क्षमता को मजूबत करें।
ऐसी योजनाओं से नगर निगम का आय बढ़ने के साथ-साथ शहर के लोगों को रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इस मिशन के तहत शहर की खूबसूरती बढ़ाने के साथ-साथ ऐसे प्रोजेक्ट तैयार होंगे।
महानगरों की तर्ज पर होगा निर्माण
जिससे निकाय को लंबे समय तक राजस्व मिलें। इसके तहत महानगरों के तर्ज पर बड़े मल्टीप्लेक्स, व्यवसायिक काम्पलेक्स, पार्क और अन्य आधुनिक सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा।
यूसीएफ मिशन के तहत परियोजनाओं के लिए 25 प्रतिशत हिस्सा केंद्र सरकार,25 प्रतिशत राज्य सरकार वहन करेगी,जबकि शेष 50 प्रतिशत राशि नगर निकाय ऋण, बांड और अन्य वित्तीय साधनों के माध्यम से स्वंय जुटाने होंगे।
गोला बाजार में बनेगा मल्टी काम्पलेक्स और नए बस स्टैंड के पास विकसित होगा पार्क: शहर के प्रमुख व्यवसायिक क्षेत्र में शामिल गोला बाजार को आधुनिक रूप देने की दिशा में पहल शुरु की गई है।
यहां पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनशिप) मोड में एक बड़ा मल्टी काॅम्पलेक्स बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। नगर निगम की ओर से यह प्रस्ताव सरकार को भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि मल्टी काॅम्पलेक्स में आधुनिक दुकानें, शापिंग स्पेस, मनोरंजन की सुविधा समेत पार्किंग की व्यवस्था होगी।
इसके अलावा अन्य स्थानों पर और खाली पड़े जमीनों पर कई अन्य मल्टीप्लेक्स बनाए जाएंगे। नए बस स्टैंड के समीप एक आकर्षक पार्क और आधुनिक पार्क विकसित किया जाएगा।
इस पार्क में बच्चों को खेलने की व्यवस्था, ओपन जिम, बैठने की आधुनिक सुविधा, आकर्षक लाइटिंग और सौंर्दंयीकरण के कई कार्य किए जाने का प्रस्ताव है।
राजस्व बढ़ाने पर नगर निगम का होगा फोकस
अर्बन चैलेंज फंड योजना (यूसीएफ) के तहत नगर निगम का सबसे अधिक फोकस राजस्व बढ़ाने वाले प्रोजेक्ट पर है।अब नगर निगम सिर्फ मूलभूत सुविधाओं तक सीमित नही रहेगा, बल्कि ऐसी परियोजनाओं को विकसित करने की तैयारी में है, जिससे निगम की आय में लगातार वृद्धि हो सके।
अर्बन चैलेंज फंड के तहत शहर में बड़े-बड़े मल्टीप्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। पार्क के अलावे अन्य आधुनिक सुविधाएं मुहैया होगी।
गोला बाजार में मल्टीप्लेक्स बनाने के लिए प्रस्ताव भेजा जा रहा है। राजस्व बढ़ाने वाली योजनाओं के साथ-साथ शहर की खूबसूरती बढ़ सकें इसका भी ध्यान रखा जा रहा है।



