बरहेट/साहेबगंज: रविवार को बरहेट से करीब छह किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध शिवगादी धाम में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा गजेश्वर नाथ महादेव के दरबार में पहुंचकर जलाभिषेक किया। रविवार को धाम में दिनभर भक्तों की आवाजाही बनी रही। शिवगादी प्रबंधन समिति की ओर से सोमवार को संभावित भीड़ को देखते हुए व्यापक तैयारी की जा रही है। समिति के अनुसार सोमवार को करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। बड़ी संख्या में डाक बम कांवरियों के भी पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शिवगादी चौक बरहेट, गुमानी बराज, खैरवा, कीताटोला, डूमरिया मोड़ सहित मेला परिसर में पुलिस पदाधिकारी एवं जवान तैनात किए गए हैं। मंदिर की सीढ़ियों और गर्भगृह के आसपास भी भीड़ नियंत्रण के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। समिति एवं प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को सुचारु रूप से जलाभिषेक कराने और किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के लिए व्यवस्था को लगातार दुरुस्त किया जा रहा है।




