तीनपहाड़। झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन की तीनपहाड़ इकाई के सदस्यों ने रविवार को तीनपहाड़ थाना के नवनियुक्त थाना प्रभारी गौरव कुमार का बुके देकर स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों और थाना प्रभारी के बीच क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं आपसी समन्वय को लेकर बातचीत हुई। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने कहा कि पुलिस और पत्रकार एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों के बेहतर तालमेल से क्षेत्र में सुदृढ़ एवं प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन आमजन के हित में कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनता की समस्याओं के समाधान और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। थाना प्रभारी ने पत्रकारों से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि आपसी समन्वय से क्षेत्र की समस्याओं को बेहतर तरीके से सामने लाया जा सकता है। अंत में उन्होंने स्वागत के लिए झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।




